जयपुर, 7 फरवरी।
केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने कहा कि देश के उद्यमी विकसित भारत के शिल्पकार हैं। उद्योग और व्यापार का देश की आर्थिक प्रगति के साथ-साथ रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण योगदान है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत केन्द्रीय बजट 2026-27 में उद्योग एवं व्यापार सुगमता के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से व्यापार करना और अधिक सरल होगा, जिससे उद्योगों को आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।
केन्द्रीय मंत्री शनिवार को केन्द्रीय बजट 2026-27 पर आयोजित व्यापारी एवं व्यवसायी संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पूर्व में देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, जबकि अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचेगा।
पाटिल ने कहा कि मजबूत अर्थव्यवस्था के कारण आमजन की आय में वृद्धि हुई है, इसी को ध्यान में रखते हुए आयकर सीमा में राहत दी गई है। उन्होंने कहा कि उद्योग के साथ-साथ कृषि क्षेत्र का भी अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है और सरकार ने किसानों के हित में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। देश में पहली बार किसानों को किसान सम्मान निधि का लाभ मिला है। इस बजट में हर वर्ग और आमजन की आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रयासों से राजस्थान जल आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। संशोधित पीकेसी परियोजना का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिसके लिए 77 हजार करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया गया है। साथ ही हरियाणा के साथ यमुना जल समझौते के अंतर्गत 90 किलोमीटर दूर से तीन पाइपलाइन के माध्यम से पानी राजस्थान लाया जाएगा। डीपीआर तैयार हो चुकी है और आने वाले समय में राजस्थान जल उपलब्धता के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनेगा। इससे औद्योगिक विकास को भी गति मिलेगी।
पाटिल ने बताया कि जल संचय-जन भागीदारी-जन आंदोलन के तहत कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान में अब तक 4 लाख 15 हजार से अधिक जल संरचनाओं का निर्माण हो चुका है, जिससे राजस्थान में भी जल संरक्षण को मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। भारत की अर्थव्यवस्था 11वें से चौथे स्थान पर पहुंची है और शीघ्र ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी। उन्होंने कहा कि भारत ने ब्रिटेन और जापान जैसे देशों को पीछे छोड़ा है और विश्व पटल पर देश की सशक्त पहचान बनी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत-यूएस ट्रेड डील से प्रदेश के व्यापारियों को दोगुना लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने व्यापार और उद्योग के विकास के लिए ठोस निर्णय लिए हैं। राइजिंग राजस्थान में हुए 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू में से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश धरातल पर उतर चुका है।
मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राजस्थान में उद्योग के लिए अपार संभावनाएं हैं और सरकार हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि केन्द्र के बजट के बाद प्रस्तुत होने वाले राज्य बजट में भी व्यापारी वर्ग सहित हर वर्ग का ध्यान रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी अपने लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र के लिए कार्य करता है। उन्होंने व्यापारियों से सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जरूरतमंदों को लाभ दिलाने में सहयोग का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद मंजू शर्मा, भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।

